-
Advertisement
अध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर बोले- एक नई जिम्मेदारी है पूर्ण पारदर्शिता के साथ काम करेंगे
Last Updated on August 26, 2022 by sintu kumar
शिमला। हिमाचल प्रदेश में करीब डेढ़ हफ्ते तक चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद आज पूर्व आईपीएस रामेश्वर ठाकुर ने लोक सेवा आयोग(HPPSC) के अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। रामेश्वर ठाकुर के साथ तीन सदस्यों राकेश शर्मा, राजेश शर्मा और डॉ. नैन सिंह ने सदस्य पद की शपथ ली। शिमला स्थित राज्य राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अध्यक्ष और सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई। शपथ ग्रहण समारोह के बाद सीएम जयराम ठाकुर(CM Jairam Thakur) ने नवनियुक्त अध्यक्ष और सभी सदस्यों को पद ग्रहण करने पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि अध्यक्ष और सभी सदस्य पूर्ण निष्ठा के साथ अपना काम करेंगे। वहीं, हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर ने कहा कि वह पूर्ण निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक नई जिम्मेदारी है। ऐसे में वे आयोग की कार्यप्रणाली को समझकर पूर्ण पारदर्शिता के साथ काम करने की कोशिश करेंगे।
यह भी पढ़ें- बीजेपी की कोर ग्रुप बैठक में बना मिशन रिपीट का प्लान, हर विस सीट पर हुई चर्चा
रामेश्वर ठाकुर 2026 तक अध्यक्ष पद पर रहेंगे
1964 में जन्मे रामेश्वर सिंह ठाकुर लोक सेवा आयोग में 2026 तक अध्यक्ष पद पर रहेंगे। रामेश्वर सिंह ठाकुर अभी 58 वर्ष के हैं और आयोग में 62 वर्ष की आयु तक उनका कार्यकाल रहेगा। रामेश्वर सिंह ठाकुर राष्ट्रपति पदक से अलंकृत हैं। वह आइजी इंटेलीजेंस के पद पर थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वह थल सेना में कैप्टन के पद पर भी रहे हैं। रामेश्वर सिंह ठाकुर नौ साल तक प्रधानमंत्री की सुरक्षा में भी सेवाएं दे चुके हैं।