-
Advertisement
हिमाचल आएंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
Last Updated on May 17, 2022 by sintu kumar
धर्मशाला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ram Nath Kovind ) 10 जून को हिमाचल आएंगे। राम नाथ कोविंद हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (Himachal Pradesh Central University) के छठे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके आगमन के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। यह जानकारी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतप्रकाश बंसल ने दी। प्रो. बंसल ने बताया कि बीते दो साल से कोविड महामारी के कारण दीक्षांत समारोह (Convocation) नहीं हो पाया है। लेकिन इस बार इसे भव्य तरीके से करने की योजना है। उन्होंने बताया कि 10 जून को होने वाले दीक्षांत समारोह में वर्ष 2017 से 2019 बैच के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
यह भी पढ़ें-राजीव शुक्ला बोले: स्व. वीरभद्र सिंह के विकास मॉडल पर चुनावी मैदान में उतरेगी पार्टी
दीक्षांत समारोह के दौरान वर्ष 2017 की कुल डिग्रियां 585, वर्ष 2018 की 532 और वर्ष 2019 की 605 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। प्रो बंसल ने बताया कि इस बार होने जा रहे दीक्षांत समारोह के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को न्योता भेजा गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति 10 जून को हिमाचल आएंगे। उनके साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के अलावा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) और शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे।